अंबेडकरनगर में शुक्रवार रात हुई तेज बारिश और हवाओं ने भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी है। बारिश के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों को चिलचिलाती धूप से राहत मिली। शनिवार सुबह जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो एक दिन पहले दर्ज 35 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 5 डिग्री कम रहा। तापमान में आई इस गिरावट से लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के बाद आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे वातावरण खुशनुमा बना रहा। कई दिनों से तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोग मौसम के इस बदलाव से खुश नजर आए। बीते दिनों जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिला था। लगभग 10 दिन पहले तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया था। लू और तपिश के कारण लोग दिन में घरों से निकलने से बच रहे थे। हालांकि पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही ने मौसम को राहतभरा बना दिया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक जिले में मौसम सुहावना बने रहने की उम्मीद है।
अंबेडकरनगर में बारिश से मिली गर्मी से राहत:तापमान 5 डिग्री गिरावट, तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना