‘ऐसे भाइयों से तो अच्छा था कि हमारे कोई भाई ही नहीं होते। कभी नहीं सोचा था कि जो आपस में लड़ते थे, एक दिन मम्मी-पापा की जान ले लेंगे। जैसे मम्मी-पापा को मारा है, दोनों भाइयों को भी मार दो।’ यह कहना है, गाजियाबाद में 20 जुलाई (सोमवार) की रात माता-पिता की हत्या करने वाले 2 सगे भाइयों की बहनों का। पड़ोसी भी कहते हैं कि दोनों बेटों ने मिलकर अपने ही मां-बाप को मार डाला। कम से कम मां की तो शर्म कर लेते। माता-पिता की हत्या के बाद दोनों बेटियों पर क्या बीत रही है, यह जानने दैनिक भास्कर की टीम भीमनगर पहुंची। यह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे से सटा इलाका है। करीब 110 मीटर में बने दो मंजिला मकान के बाहर लोगों की भीड़ लगी थी। गेट के पास पुलिसवाले खड़े थे। घर के अंदर से महिलाओं के रोने की आवाजें आ रही थीं। हम अंदर पहुंचे, तो एक कमरे में पुलिस अफसरों की मौजूदगी में घरवालों के बयान दर्ज किए जा रहे थे। कमरे के एक कोने में बैठीं दोनों बेटियां दीपिका और ज्योति बार-बार रो पड़ती हैं। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… जन्मदिन की खुशी कुछ घंटों में मातम में बदल गई गंगासरण मूल रूप से बुलंदशहर के सठला गांव के रहने वाले थे। लेकिन, कई साल से भीमनगर में रहते थे। उनके दोनों बेटों दीपक उर्फ विक्की और ललित की शादी लॉकडाउन के समय हुई थी। लेकिन, दोनों बेटों की पत्नियां उनको छोड़कर चली गई थीं। परिवारवालों ने बताया- दोनों शराब के आदी थे और बीच-बीच में टैक्सी चला लेते थे। दोनों बेटियों दीपिका और ज्योति की भी शादी हो चुकी है। 20 जुलाई को छोटे बेटे ललित का जन्मदिन था। शाम को मां विमलेश ने पड़ोस की महिलाओं के साथ कीर्तन कराया। बेटे के लिए खीर-पूड़ी बनाई। लेकिन, रात होते ही घर में शराब पार्टी शुरू हो गई। घरवाले बताते हैं, रात करीब 9 बजे माता-पिता ने शराब पीने का विरोध किया। इसके बाद झगड़ा बढ़ता गया। देर रात दोनों बेटों ने पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद बीच-बचाव करने आई मां विमलेश को भी नहीं छोड़ा। दोनों को बेरहमी से पीटा, हथौड़े से हमला किया। फिर गला दबाकर हत्या कर दी। बेटी बोली- जैसे मेरे मम्मी-पापा को मारा, वैसी इन्हें भी सजा मिले बड़ी बेटी दीपिका रोते हुए कहती है- दोनों भाइयों ने जायदाद और शराब की लत में मम्मी-पापा की जान ले ली। दोनों पहले भी शराब पीकर घर में झगड़ा करते थे। करीब एक साल पहले मां के 10 तोले जेवर चोरी करके बेच दिए थे। मम्मी-पापा ने हर बार उनकी गलतियों को नजरअंदाज किया। उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन आखिर में उन्हीं बेटों ने इतनी बेरहमी से मार डाला। कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि अपने भाई ही हमारे मां-बाप के कातिल बन जाएंगे। छोटी बेटी ज्योति कहती है- दोनों भाई अक्सर शराब पीकर मम्मी-पापा से मारपीट करते थे। इसी वजह से हम बहनें भी घर कम आने लगी थीं। पापा ने दोनों भाइयों को पढ़ाया-लिखाया, घर बनाया। हम लोगों की शादी कराई, लेकिन दोनों भाई कभी नहीं सुधरे। रात में फोन आया कि भाइयों ने मम्मी-पापा को मार दिया है। पहले सुनकर यकीन ही नहीं हुआ। लगा कोई मजाक कर रहा है। लेकिन, जब घर पहुंची तो मम्मी-पापा की हालत देखकर मेरे पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस घर में हमेशा मम्मी-पापा की आवाज गूंजती थी, वहां सिर्फ चीख-पुकार और मातम था। आज भी विश्वास नहीं होता कि जिन भाइयों को मम्मी-पापा ने पाल-पोसकर बड़ा किया, उन्हीं दोनों ने उनकी जान ले ली। मामा बोले- ऐसे भांजों से कोई रिश्ता नहीं गंगासरण के साले लेखराज बहनोई की हत्या की खबर सुनकर अलीगढ़ से आए हैं। बहन-बहनोई की लाश देखकर खुद को संभाल नहीं सके। रोते हुए कहने लगे- इतनी बेरहमी से सिर और चेहरे पर हमला किया गया था कि देखा नहीं जा रहा था। जिन्होंने अपने मां-बाप की हत्या कर दी, उनसे हमारा कोई रिश्ता नहीं। उन्हें फांसी या उम्रकैद मिलनी चाहिए। दोनों बहुएं पहले से मायके में रह रहीं दीपक की शादी 16 मई, 2020 को बुलंदशहर की रहने वाली मोनिका से हुई थी। रिश्तेदारों ने बताया- दीपक शराब के नशे में पत्नी के साथ भी मारपीट करता था। उसके 2 बेटे हैं। घरेलू झगड़े और उत्पीड़न से परेशान होकर मोनिका करीब एक साल पहले अपने दोनों बेटों को लेकर मायके चली गई थी तब से वहीं रह रही है। छोटे बेटे ललित ने 25 मई, 2020 को गाजियाबाद के विजयनगर में रहने वाली सोनी से लव मैरिज की थी। ललित की कोई संतान नहीं है। ललित और उसकी पत्नी के बीच भी अक्सर झगड़ा होता रहता था। लगातार झगड़ों के चलते सोनी भी करीब 40 दिन पहले मायके चली गई थी। सास-ससुर की हत्या की घटना के बाद भी वह ससुराल नहीं आई। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) ने कहा- दोनों आरोपियों को घर से ही पकड़ लिया गया था। पूछताछ में दोनों ने माता-पिता की हत्या करना स्वीकार कर लिया है। FIR दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। …………………………………………… संबंधित खबर पढ़िए बर्थडे बॉय ने माता-पिता को पीट-पीटकर मार डाला: गाजियाबाद में भाई के साथ की वारदात, डांटने पर भड़के, हथौड़े से सिर कूचा यूपी के गाजियाबाद में 2 बेटों ने मां और पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सोमवार रात 11 बजे बर्थडे पार्टी से लौटने के बाद दोनों बेटे झगड़ा कर रहे थे। यहां पढ़ें पूरी खबर
गाजियाबाद डबल मर्डर-बहन ने सगे भाइयों के लिए मांगी मौत:बोली- जैसे मम्मी-पापा को मारा, दोनों भाइयों को भी मार दो