कुशीनगर के चौराखास थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम हुई कथित लूट की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। घटना के खुलासे के बाद रात्रि गश्त, चेकिंग और ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर एक उपनिरीक्षक, एक मुख्य आरक्षी और एक आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबित पुलिसकर्मियों में चौराखास थाने में तैनात उपनिरीक्षक अवनीश कुमार, मुख्य आरक्षी विनोद कुमार और आरक्षी आयुष मौर्य शामिल हैं। मुख्य आरक्षी विनोद कुमार पीआरवी-6669 पर तैनात थे, जबकि उपनिरीक्षक अवनीश कुमार और आरक्षी आयुष मौर्य चौराखास थाने में कार्यरत थे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, तीनों पुलिसकर्मियों पर रात्रि चेकिंग, ड्यूटी और अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का आरोप है। जनहित और प्रशासनिक हित को देखते हुए उनके खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस ड्यूटी के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी और अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
चौराखास लूट मामले में दरोगा समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित:कुशीनगर एसपी केशव कुमार ने ड्यूटी में लापरवाही के खिलाफ की कार्रवाई