शिवपुरी में विनायक नगर में ट्रांसफार्मर-केबल में आग:शिकायत के बाद भी नहीं हो रही सुनवाई, लोग परेशान

शिवपुरी शहर के पोहरी रोड स्थित विनायक नगर कॉलोनी में बिजली व्यवस्था बदहाल है। ट्रांसफार्मर और बिजली की केबलों में बार-बार आग लगने से रहवासी परेशान हैं। शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उन्होंने 18 जून 2026 को बिजली विभाग को ट्रांसफार्मर और विद्युत केबल बदलने के लिए लिखित आवेदन दिया था। करीब एक माह बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 15 जुलाई को कलेक्ट्रेट में भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। गिर्राज कुशवाह ने बताया कि पिछले दो दिनों से ट्रांसफार्मर में लगातार आग लग रही है। वहीं बिजली की केबलों में भी बार-बार शॉर्ट सर्किट होने से आग सुलग जाती है। इससे बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है और पूरे इलाके के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बारिश के दौरान हादसे का खतरा रहवासियों का कहना है कि बिजली नहीं मिलने पर कुछ लोग मजबूरी में ट्रांसफार्मर से सीधे तार जोड़कर बिजली लेने का प्रयास करते हैं। ये तार बार-बार टूट जाते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बारिश का मौसम शुरू होने से करंट फैलने और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। इस समस्या की शिकायत कई बार बड़ौदी बिजली कार्यालय में की जा चुकी है। इसके अलावा कलेक्टर को भी आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है, लेकिन अब तक जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर और क्षतिग्रस्त केबल नहीं बदली गईं तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई कर कॉलोनी की बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *