सोशल मीडिया पर हथियार का फोटो-वीडियो डालने वाला गिरफ्तार:पुलिस के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी भी की थी, घर पर छापेमारी

दरभंगा में सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन और पुलिस के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार हो गया है। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ बिरौल प्रभाकर तिवारी ने पीसी कर बताया कि 20 जुलाई की सुबह करीब 9:10 बजे नदी थाना के सरकारी मोबाइल पर सोशल मीडिया के माध्यम से एक वायरल वीडियो मिला। वीडियो की जांच में पाया गया कि एक व्यक्ति जानबूझकर आम लोगों में भय और दहशत का माहौल बनाने के उद्देश्य से अवैध हथियार का प्रदर्शन कर रहा था। साथ ही डायल-112 पुलिस के खिलाफ अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल भी किया गया था। वीडियो बनाने और उसे फेसबुक आईडी “हॉर्स लवर” से वायरल करने वाले व्यक्ति की पहचान चन्द्रशेखर यादव (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने घर पर की छापेमारी इसके बाद नदी थाना के थानाध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने फेसबुक आईडी से वीडियो अपलोड करने की बात स्वीकार की। मोबाइल की जांच में वायरल वीडियो और संबंधित फेसबुक आईडी की पुष्टि होने पर मोबाइल को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि वीडियो में प्रदर्शित अवैध हथियार की बरामदगी के लिए आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इस मामले में नदी थाना कांड संख्या-32/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 292, 224, 352, 356(2), आर्म्स एक्ट की धारा 27(1) और आईटी एक्ट की धाराएं 66 और 66(D) के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *