मुजफ्फरपुर: नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण बागमती नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर पहुंच गया है, जिससे कटरा प्रखंड को मुख्यालय से जोड़ने वाला पीपा पुल बंद हो गया है। पुल के दोनों ओर का अप्रोच पथ पानी में डूबने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है और हजारों लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पीपा पुल बंद होने के कारण कटरा और आसपास के गांवों के लोगों को अब प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के लिए करीब 40 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इसका सबसे अधिक असर मरीजों, विद्यार्थियों और रोजमर्रा के कार्यों से आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार बागमती नदी में पानी का दबाव लगातार बढ़ रहा है। पीपा पुल के दोनों तरफ तीन से पांच फीट तक पानी जमा हो गया है, जिससे वाहनों और पैदल लोगों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
मुजफ्फरपुर में खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर बागमती, कटरा में पीपा पुल डूबा