कानपुर में देर रात गरज-चमक के साथ बारिश:3-4 दिन मौसम ऐसा ही रहेगा, लू से राहत मिलेगी; पारा 42.2°C पहुंचा

कानपुर में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार रात मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान और लू के थपेड़ों से झुलसते शहर में रात को तेज चमक और गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश होते ही लोगों को उमस और गर्मी से हल्की राहत मिली। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडे के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने शहरवासियों को बेहाल कर दिया था। दोपहर तक सड़कें तवे की तरह तपने लगीं और लू के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। हालात ऐसे रहे कि शहर की व्यस्त सड़कें भी दोपहर में सूनी नजर आईं। जरूरी काम से घरों से निकलने वाले लोग मुंह और सिर को कपड़ों से ढंककर चलते दिखाई दिए। भीषण गर्मी का असर बिजली व्यवस्था पर भी साफ नजर आया। बढ़ते लोड के चलते कई इलाकों में ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने के लिए उन पर कूलर लगाए गए। वहीं देर रात तक गर्म हवाओं का असर बना रहा और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 2 तस्वीरें देखिए- दिन का पारा गिरा, रात में बढ़ी उमस सीएसए की ओर से जारी वेदर रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 42.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बावजूद तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दिन के साथ-साथ रात में भी उमस और गर्म हवाओं ने लोगों का पसीना छुड़ा दिया। बिजली के फॉल्ट और ट्रिपिंग से बढ़ी दिक्कत भीषण गर्मी का असर बिजली व्यवस्था पर भी दिखाई दिया। शहर के कई इलाकों में फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या सामने आई, जिससे लोगों की रात की नींद प्रभावित हुई। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। अगले 3-4 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले तीन से चार दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश होगी। प्री-मानसून गतिविधियां तेज होंगी। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लू की स्थिति से राहत मिलने की संभावना है।

ONLY AVAILABLE IN PAID PLANS

Posted in top

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *