घर में अकेले ऑटो चालक ने फंदा लगाकर दी जान:पत्नी कैंसर के इलाज के लिए दिल्ली गई थी;शव में बदबू आने लगी तो पता लगा

अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित मुल्तान नगर में एक 40 वर्षीय ऑटो चालक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला जब घर से तेज बदबू आने लगी। आसपास के लोगों ने घर के बाहर भीड़ लगाई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खुलवाया और शव को पंखे से नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि शनिवार रात मृतक के जीजा ने थाने पहुंचकर सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। मृतक की पहचान अमरसिंह पुत्र मोटूसिंह (40) निवासी मुल्तान नगर के रूप में हुई है। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। पुलिस के अनुसार अमरसिंह ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी पत्नी चमकोरी कैंसर पीड़ित है और कई दिन पहले इलाज के लिए दिल्ली गई हुई थी। फिलहाल पुलिस पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है तथा आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी हुई है। मृतक के शराब सेवन का आदी होने की भी जानकारी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *